फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चरवा में कुल्हाड़ी से की गई किसान की हत्या

विज्ञापन
Farmer murdered with an ax in Charava - फोटो : KAUSHAMBI
विज्ञापन
चरवा में कुल्हाड़ी से की गई किसान की हत्या
विज्ञापन

एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
चरवा। इलाके के चरई गांव में शनिवार रात नलकूप पर सोने गए एक किसान की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। सुबह ट्यूबवेल के पास खून से लथपथ शव मिलने पर इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़ित परिजनों ने पड़ोसी गांव में रहने वाले सगे भाइयों समेत तीन लोगों पर रंजिशन वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। मृतक के बड़े भाई की तहरीर पर रिपोर्ट लिखकर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
चरई निवासी सोहनलाल (45) पुत्र स्व. फगुहार खेती करके परिवार का खर्च चलाता था। कृषि कार्य की खातिर गांव में उसने नलकूप लगवा रखा है। शनिवार रात खाने के बाद सोहन नलकूप पर सोने चला गया। सुबह बेटे जीतलाल ने जाकर देखा तो नलकूप के समीप ही सोहन की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। उसके बाएं पैर और सिर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान थे। पास में कुल्हाड़ी भी पड़ी थी। माना जा रहा है कि इसी कुल्हाड़ी से सोहनलाल को मौत के घाट उतारा गया होगा। उधर सोहनलाल की हत्या की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर एसपी अभिनंदन व एएसपी अशोक कुमार डॉग स्क्वायड के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जांच के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बड़े भाई रोशनलाल ने पड़ोसी गांव चरवा उत्तर थोक निवासी हीरालाल उसके भाई जवाहर तथा पट्टीदार राकेश के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी है। उसका आरोप है कि रंजिश के चलते इन लोगों ने घटना को अंजाम दिया है। गिरफ्तार कर पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। वारदात से पीड़ित परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब हो गई।
विज्ञापन

----
दो घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, आक्रोश
लेटलतीफी के कारण ही खोजी कुत्ते को नहीं मिल सकी सफलता
नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने 20 मिनट तक नहीं उठने दिया शव
संवाद न्यूज एजेंसी
चरवा। सनसनीखेज वारदात के बाद चरवा कोतवाली पुलिस ने मनमानी की। यहां तक कि जानकारी दिए जाने के बावजूद घटनास्थल पहुंचने में पुलिस ने करीब दो घंटे का समय लगा दिया। लेटलतीफी का ही परिणाम रहा कि खोजी कुत्ता भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सका। नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए तकरीबन 20 मिनट तक शव नहीं उठने दिया। बाद में पुलिस कप्तान के पहुंचने पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
सोहनलाल प्रतिदिन सुबह चार बजे के आसपास ही नलकूप से घर पहुंच जाता था। रविवार सुबह देर हुई तो परिजन परेशान हो गए। हाल खबर लेने के लिए सबसे पहले सोहन का बेटा जीतलाल नलकूप पहुंचा। पिता का खून से लथपथ शव देख उसके होश उड़ गए। परिवार वालों की मानें तो घटना की जानकारी पुलिस को तकरीबन छह बजे ही दे दी गई थी। आरोप है कि इसके बाद भी पुलिस ने मौके पर पहुंचना ठीक नहीं समझा। आठ बजे के करीब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। इसके 45 मिनट बाद डॉग स्क्वायड पहुंचा। तब तक काफी भीड़ जुट चुकी थी। लोग घटनास्थल पर घूम रहे थे। नतीजा रहा कि खोजी कुत्ता बैरंग लौट गया। अनदेखी से नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने पुलिस को शव कब्जे में लेने से रोक दिया। परिवार वाले आरोपियों की गिरफ्तारी की भी मांग कर रहे थे। हंगामा बढ़ता इससे पहले ही एसपी अभिनंदन व एएसपी अशोक कुमार वहां पहुंच गए। अधिकारियों ने नाराज लोगों को समझाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी। तब जाकर लाश उठने दी गई। लेटलतीफी करने वाले पुलिस कर्मचारियों पर क्या कार्रवाई होगी ? इस सवाल का जवाब किसी के पास नहीं है।
विज्ञापन

----
इनका कहना है
नामजद किए गए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। अभी यह नहीं कहा जा सकता कि इन्हीं लोगों ने घटना को अंजाम दिया है। कई बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही असलियत सामने आ जाएगी।
अभिनंदन-एसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें