मंझनपुर। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के अहिरारा गांव में बुधवार सुबह खेत की रखवाली कर रहे किसान की खून से लथपथ लाश मिली। कातिलों ने उसके सिर पर किसी धारदार हथियार से कई वार किए थे। घटना की जानकारी पर एसपी अभिनंदन, सीओ सिराथू रामवीर सिंह, कोखराज इंस्पेक्टर बलराम सिंह, फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस प्रारंभिक जांच में घटना का कारण अवैध संबंध व पुरानी रंजिश बता रही है। वहीं, शक के आधार पर एक महिला व उसके बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
अहिरारा गांव निवासी भइयालाल सरोज (60) पुत्र रंपत की पत्नी काफी पहले उसे छोड़ कर चली गई थी। इसके बाद उसने गांव की ही एक महिला के साथ करीबी रिश्ता बनाया। यह रिश्ता 20 साल तक चला। इन दिनों भइयालाल की नजदीकी पड़ोसी गांव शिवपुर की एक महिला के साथ थी। भइयालाल गांव के बाहर पांडेयमऊ गांव निवासी रामबाबू पाल के सबमर्सिबल की रखवाली करता था। यहीं पर उसने अपनी जीविका चलाने के लिए करीब चार बीघे खेत बटाई पर ले रखा था। भइयालाल गांव स्थित घर से वास्ता नहीं रखता था। खेत में ही वह मड़हा बनाकर रहता था। बुधवार सुबह लोग खेत की तरफ गए तो देखा भइलालाल का शव उसी के खेत में चारपाई पर पड़ा है। सिर से काफी खून निकल रहा था। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वारदात की जानकारी पर पहुंचे भइयालाल के भाई नंदू ने एक महिला व उसके बेटे पर हत्या कराने का शक जाहिर किया। वहीं, नंदू के अनुसार इस महिला के साथ भइयालाल के अवैध संबंध हैं। पुलिस ने तत्काल दबिश देकर महिला व उसके बेटे को हिरासत में ले लिया। उधर, भइयालाल के भाई की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
एक से ज्यादा थे कातिल
मंझनपुर। वारदात स्थल को देखने से लग रहा था कि भइयालाल को मौत की नींद सुलाने वालों की संख्या तीन से चार के बीच रही होगी। जिस स्थान पर उसकी लाश पड़ी थी वहां पर देसी शराब की चार खाली शीशी व उतनी ही डिस्पोजेबल गिलास पड़ी थी।
गांव में था डीजे का शोर, नहीं लगी भनक
मंझनपुर। अहिरारा गांव में एक व्यक्ति के यहां मंगलवार रात तिलक समारोह था। वहां बहुत तोज गाना बज रहा था। यह स्थान वारदात की जगह से महज 70 मीटर दूर था। इस वजह से किसी को वारदात की भनक तक नहीं लगी।
अक्सर भइयालाल सजाता था महफिल
मंझनपुर। भइयालाल की लाश जहां मिली उसी से कुछ दूरी पर ईंट भट्ठा है। वहां के मजदूरों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि मंगलवार रात भी भइयालाल के नलकूप की तरफ से कुछ लोगों की आवाज सुनाई दे रही थी। लेकिन उसकी अक्सर जमावड़ा लगाकर पीने की आदत के चलते उन लोगों ने उधर ध्यान नहीं दिया।
मृतक के सिर पर किसी धारदार हथियार से वार कर हत्या की गई है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे अवैध संबंध व पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। -अभिनंदन, एसपी
farmer killed at midnight during sleeping at farm field- फोटो : KAUSHAMBI