पूरामुफ्ती में किसान पीटकर को मार डाला, अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर
फतेहपुर घाट गांव में गुरुवार रात हुई वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल। पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर घाट गांव में गुरुवार रात नलकूप पर सो रहे एक किसान की लाठियों से पीटकर हत्या कर दी गई। सुबह खून से लथपथ शव मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की वजह फिलहाल साफ नहीं है। अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट लिखकर पुलिस हत्यारोपियों की तलाश कर रही है।
फतेहपुर घाट निवासी इंद्रनारायण पांडेय उर्फ बबलू (65) पुत्र रामचंद्र किसानी करके परिवार का खर्च चलाता था। गांव के बाहर उसका पांच बीघा खेत है। इसमें उसने नलकूप लगवा रखा है। बताया जाता है कि कई सालों से इंद्रनारायण खेतों की तकवारी करने के लिए रात में नलकूप की कोठरी पर ही सोता था। गुरुवार रात भी वह खाने के बाद नलकूप चला गया। शुक्रवार सुबह काफी देर तक घर नहीं पहुंचा तो परिजन परेशान हो गए। बेटे आदित्य ने नलकूप जाकर देखा तो इंद्रनारायण की खून से लथपथ लाश चारपाई के नीचे पड़ी थी। पास में ही लाठी और डंडे के साथ एक चप्पल पड़ी थी। इंद्रनारायण के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। माना जा रहा है कि लाठी से सिर पर हमला करके उसकी हत्या की गई है। वारदात को किसने और किस कारण से अंजाम दिया ? इस सवाल का जवाब किसी के पास नहीं है। उधर सनसनीखेज घटना की जानकारी मिलते ही एसपी अभिनंदन, एएसपी अशोक कुमार व सीओ चायल कृष्ण गोपाल सिंह डॉग स्क्वायड टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से पीड़ित परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब है।
----
... तो कटहल की खातिर कर दी गई इंद्रनारायण की हत्या
चायल (संवाद)। घटनास्थल के पास ही कटहल का पेड़ लगा हुआ है। शुक्रवार सुबह इंद्रनारायण की लाश मिलने के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने देखा कि कटहल का पांच-छह फल टूटकर नीचे पड़ा हुआ था। इसे लेकर पुलिस व ग्रामीण अंदाजा लगा रहे हैं कि हो सकता है रात को कोई कटहल चोरी करने आया हो। इंद्रनारायण ने चोर को पहचान लिया हो और चोरी का विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी गई हो। पुलिस कटहल चोरी को भी जांच के बिंदु में शामिल किए हुए है।
----
दो हिरासत में, पांच के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर
चायल (संवाद)। इंद्रनारायण के नलकूप के पास ही गांव का एक व्यक्ति झोपड़ी डालकर रहता है। वे भी अपने खेतों की रखवाली करता है। इंद्रनारायण के परिजनों का कहना है कि इस व्यक्ति और इसके बेटे को पता होगा कि वारदात को अंजाम किसने दिया है। पुलिस ने शक पर पिता-पुत्र को हिरासत में ले लिया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। इसी के साथ करीब पांच अन्य संदिग्धों का मोबाइल नंबर भी सर्विलांस पर लगाया गया है। सीओ चायल केजी सिंह का कहना है कि संदिग्धों के मोबाइल की लोकेशन और सीडीआर निकलवाया जा रहा है। दो से तीन दिन के भीतर घटना का खुलासा होने की उम्मीद है।
----
परदेश से कैसे लौट पाएंगे दो लाडले
चायल (संवाद)। मृतक इंद्रनारायण के तीन बेटों में रिंकू और विनय परिवार के साथ महाराष्ट्र में प्राइवेट नौकरी करते हैं। जबकि आदित्य गांव में रहकर खेती में पिता का हाथ बंटाता है। अब घटना के बाद पिता का अंतिम बार मुंह देखने के लिए रिंकू व विनय घर कैसे आएंगे? लॉकडाउन की वजह से परिवहन सेवाएं बंद हैं। परिवार वालों का कहना है कि दोनों बेटों को बुलाने का प्रयास किया जा रहा है। पूरी कोशिश है कि उनके यहां आने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाए।
----
किसी से कोई दुश्मनी नहीं, उलझी गुत्थी
चायल (संवाद)। हत्याकांड की गुत्थी काफी उलझी हुई है। पीड़ित परिवार के लोगों का कहना है कि उनकी किसी से ऐसी कोई दुश्मनी नहीं है जो वो हत्या जैसी घटना को अंजाम देगा। यही वजह है कि पुलिस को भी समझ नहीं आ रहा है कि हत्यारोपियों तक आखिर पहुंचा कैसे जाए। मौके से मिली चप्पल ग्रामीणों को दिखाकर पूछा जा रहा है कि वह किसकी है। अन्य बिंदुओं पर भी पुलिस काम कर रही है।
----
इनका कहना है
वृद्ध की लाठियों से पीटकर हत्या की गई है। सनसनीखेज वारदात की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। दो से तीन दिन के भीतर खुलासा होने की पूरी उम्मीद है।
केजी सिंह-सीओ, चायल
-----