कोखराज थाना क्षेत्र के बरीपुर गांव में गाड़ी नहीं देने पर दबंगों ने एक परिवार के साथ मारपीट की। मारपीट में गर्भवती महिला का गर्भपात हो गया। मामले में कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने पुलिस महानिरीक्षक से मदद मांगी। उनके निर्देश पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
बरीपुर गांव निवासी मूलचंद्र ने आईजी को तहरीर देकर बताया कि 19 अगस्त को रात उसका पुत्र राहुल चाकवन चौराहा गया था। आरोप है कि गांव के रमेश, करण और अमन ने राहुल को रोककर गाड़ी मांगी। जब उसने इन्कार किया तो आरोपियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की। राहुल किसी तरह वहां से बचकर घर पहुंचा।
कुछ देर बाद आरोपी उसके घर में घुस गए और मारपीट करने लगे। बीच-बचाव करने पहुंची बहू तान्वी को भी पीटकर घायल कर दिया गया। मारपीट में विवाहिता का गर्भपात हो गया। शोरगुल सुनकर जब ग्रामीण पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीड़ित के अनुसार, स्थानीय पुलिस से शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। बाद में मामला आईजी के संज्ञान में आने पर कोखराज पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।