डिप्टी सीएमओ डॉ. अजय कुशवाहा ने बुधवार को चायल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कसेंदा का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को मिल रही सुविधाओं की हकीकत सामने आई।
चायल सीएचसी में डिप्टी सीएमओ ने मरीजों से बात कर उनकी समस्याएं जानीं। अधीक्षक डॉ. संजय सिंह ने बताया कि अस्पताल में अल्ट्रासाउंड, किडनी, लीवर फंक्शन टेस्ट और टीबी जांच सहित पैथोलॉजी की कई महत्वपूर्ण मशीनें नहीं हैं। इसके कारण मरीजों को जरूरी जांच के लिए बाहर भटकना पड़ रहा है और समुचित इलाज में देरी हो रही है। इसके बाद डिप्टी सीएमओ प्राथमिक स्वास्थ्य कसेंदा पहुंचे। वहां भी स्थिति बेहतर नहीं थी।
केंद्र पर केवल किट आधारित जांच ही उपलब्ध मिली, जबकि कोई मशीनरी जांच सुविधा नहीं थी। निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों ने जरूरी जांच मशीनों व अन्य उपकरणों की कमी की सूची सौंपी। डिप्टी सीएमओ ने सभी कमियों को नोट करते हुए जल्द ही आवश्यक मशीनें व उपकरण उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर चिकित्सक एवं अस्पताल स्टाफ मौजूद रहा।