भरवारी (ब्यूरो)। नशा मुक्ति जीवनशैली का संदेश लेकर शुक्रवार को भरवारी कस्बे में एनसीसी कैडेट घूमे। जागरूकता रैली के दौरान एनसीसी के अफसर और कैडेटों ने लोगों को नशे से होने वाले नुकसान और इसके दुष्परिणाम की जानकारी भी दी।
भरवारी स्थित नेशनल इंटर कालेज परिसर से शुक्रवार को एनसीसी की 17 यूपी बटालियन की ओर से नशा मुक्त स्वस्थ जीवनशैली की संदेशभरी रैली निकाली गई। बटालियन के कमांडिंग आफीसर लेफ्टिनेंट कर्नल नवनीत सिंह ढिल्लन की अगुवाई में निकाली गई रैली को स्कूल के प्रधानाचार्य राजेश कुमार श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्कूल से निकली रैली कस्बे में घूमते हुए रेलवे क्रासिंग तक जाकर वापस लौटी। इस दौरान रैली में शामिल कैडेट और अफसरों ने लोगों को किसी भी तरह के नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
लोगों को नशे से होने वाली जानलेवा बीमारियां और इसके अन्य कुप्रभावों की जानकारी दी गई। कमांडिंग आफीसर ने बताया कि एनसीसी नशामुक्ति की एक मुहिम छेड़ रखी है। इसी के तहत यह जागरूकता रैली निकाली गई थी। उन्होंने बताया कि मौजूदा जीवनशैली में नशा युवा पीढ़ी के स्वास्थ्य पर हावी है। इससे भावी पीढ़ी को बचाना एक बड़ी चुनौती है। इस मौके पर एनसीसी आफीसर कैप्टन कैलाश किशोर, लेफ्टीनेंट अरूण सिंह, सूबेदार मेजर दीवान सिंह, बलराम सिंह, सुभाष चंद्र आदि मौजूद रहे।