ड्रॉप आउट बच्चों को प्रवेश दिलाने की कवायद
‘हर दिन आएं स्कूल’ अभियान से परिषदीय विद्यालयों में लाए जाएंगे नौनिहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। स्कूलों से आउट ड्राप बच्चों का परिषदीय स्कूलों में नामांकन कराने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ‘हर दिन आएं स्कूल’ अभियान चलाकर स्कूलों में बच्चों की संख्या बढ़ाएगा। जिले में इस अभियान को शुरू करने के लिए मंगलवार शाम खंड शिक्षा अधिकारियों की बैठक की गई। ढाबों व मजदूरी करने वाले बच्चों को चिन्हित कर विद्यालयों में प्रवेश कराने का निर्देश दिया गया। बच्चों की संख्या बढ़ाने वाले अफसरों को इसमें पुरस्कृत भी किया जाएगा।
बेसिक शिक्षा विभाग के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए शासन स्तर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। स्कूलों में कक्षा आठ तक के बच्चों को बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम के तहत निशुल्क शिक्षा दी जा रही है। इसके बावजूद काफी बच्चे शिक्षा से वंचित हैं और वह सड़कों व ढाबों पर मजदूरी करते हैं। विभाग द्वारा प्रत्येक वर्ष इन बच्चों को चिन्हित कर स्कूलों में प्रवेश कराया जाता है। लेकिन गरीबी व जागरूकता के अभाव में ये बच्चे फिर से मजदूरी के मकड़ाजाल में फंस जाते है। समस्या को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने अब ऐसे बच्चों को स्कूलों में प्रवेश कराने के लिए ‘हर दिन आएं स्कूल’ अभियान शुरू करने का फैसला लिया है। जिले में इस अभियान की शुरूआत केे लिए मंगलवार को बीएसए स्वराज भूषण त्रिपाठी ने खंड शिक्षा अधिकारियों की बैठक बुलाई। अभियान के तहत शिक्षक घर-घर जाकर बच्चों के प्रवेश स्कूलों में कराएंगे। जिससे कि नामांकन प्रक्रिया को शत प्रतिशत कराया जा सके। छह से 14 वर्ष तक के बच्चों को इस अभियान के अंतर्गत स्कूल में लाया जाएगा। कितने बच्चों को स्कूल लाया जा रहा है इसके बारे में अफसरों को अपनी रिपोर्ट डीएम को भी देनी होगी। इसमें ड्रॉप आउट बच्चों को स्कूल लाने में जो स्कूल नंबर वन रहेगा वहां के स्टॉफ व संबंधित अफसरों को शासन की तरफ से सम्मानित भी किया जाएगा।
-----
दो चरणों में कराया जाएगा दाखिला
मंझनपुर। हर दिन स्कूल आएं अभियान के अंतर्गत बच्चों के दो चरणों में स्कूलों में प्रवेश किए जाएंगे। इसमें पहला चरण 28 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान चिंहित बच्चों के प्रवेश एक से 20 अप्रैल तक होंगे। जबकि 21 मई से 30 जून तक चलने वाले द्वितीय चरण के अभियान के दौरान चिंहित बच्चों के प्रवेश एक से लेकर 20 जुलाई तक कराए जाएंगे। इन बच्चों के शैक्षिक स्तर का निर्धारण करते हुए विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी। इसमें बाल विकास पुष्टाहार विभाग के सर्वे से आउट बच्चों को भी प्रवेश दिलाया जाएगा।
-------------
इनका कहना है
हर दिन स्कूल आएं अभियान की शुरूआत जिले में जल्द करा दी जाएगी। अभियान के अंतर्गत स्कूलों से आउट ड्राप बच्चों के प्रवेश परिषदीय स्कूलों में कराए जाएंगे। इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारी, एनपीआरसी को दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
स्वराज भूषण त्रिपाठी-प्रभारी बीएसए