सैनी कोतवाली क्षेत्र के कानेमई गांव में रविवार रात सो रहे बस कंडक्टर गणेश प्रसाद लोधी (55) की धारदार हथियार से हत्या के 24 घंटे बाद भी हत्यारा पुलिस की पकड़ में नहीं आया है। परिजनों ने फतेहपुर थरियांव क्षेत्र के सिमरिया निवासी बाबा उर्फ पूर्ण शंकर के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है, जिसके आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।
गणेश प्रसाद लोधी क्षेत्र के एक निजी इंटर कॉलेज में बस कंडक्टर के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी वंदना देवी, तीन पुत्र बबलू, राहुल व अनुज और तीन पुत्रियां बबली, लवली व सुधा है। रविवार की रात वह अपने गांव के बाहर बने दूसरे मकान के सामने टीन शेड के नीचे चारपाई पर अकेले सो रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उनकी कनपटी और सिर पर कई धारदार वार किए। घटना के बाद आरोपी ने मकान की बिजली के तार भी काट दिए।
सुबह करीब पांच बजे बेटे राहुल और पत्नी वंदना देवी ने चारपाई पर खून से लथपथ शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर एडिशनल एसपी राजेश सिंह, क्षेत्राधिकारी सिराथू संतोष कुमार सिंह, पुलिस फोर्स और फोरेंसिक टीम पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस अब हत्या के समय चालू मोबाइल नंबरों की खोजबीन कर रही है। इसके साथ ही घटनास्थल से मिले अन्य सबूतों के आधार पर आरोपी की तलाश जारी है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं और पूरा क्षेत्र घटना के बाद से स्तब्ध है।
एसपी राजेश सिंह ने बताया कि हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ जारी है, लेकिन अब तक हत्या करने का कृत्य साबित नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों से भी विस्तृत पूछताछ कर रही है और हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है।