मैन पावर आपूर्ति का दूसरा टेंडर न कराकर पुरानी कंपनी की ले रहे थे सेवा
डीएम की जांच रिपोर्ट पर नगर निकाय के निदेशक ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवारी। मैन पावर आपूर्ति के टेंडर में अनियमितता बरतने के आरोप में नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (ईओ) सुनील कुमार मिश्रा को निलंबित कर दिया गया है। डीएम ने इस मामले की जांच की थी। उनकी रिपोर्ट पर निदेशक नगर निकाय ने यह कार्रवाई की है।
नगर पालिका परिषद भरवारी में आउट सोर्सिंग से सफाई कर्मी, पंप हाउस ऑपरेटर, सुपरवाइजर, सर्वेयर, चालक, लाइनमैन समेत अन्य पदों पर करीब 360 कर्मचारी रखे जाते हैं। इस समय लखनऊ की एक कंपनी मैन पावर की आपूर्ति कर रही है।
विभागीय सूत्रों का कहना है कि जुलाई में इस कंपनी का टेंडर समाप्त हो गया था। इसकी जगह फिर से टेंडर कराकर नई कंपनी का चयन करना चाहिए। लेकिन पालिका के ईओ सुनील कुमार मिश्रा ने समय बढ़ाते हुए पुरानी कंपनी को ही जिम्मेदारी सौंप दी। इसकी शिकायत शासन तक पहुंची तो डीएम को जांच के निर्देश दिए गए।
डीएम ने पड़ताल की तो प्रथम दृष्टया नियमों की अनदेखी व अनियमितता सामने आई। डीएम ने जांच रिपोर्ट के आधार पर नगर निकाय निदेशालय के निदेशक डॉ. नितिन बंसल ने ईओ को निलंबित कर डीएम कार्यालय से संबद्ध कर दिया। अभी किसी नए ईओ की तैनाती नहीं हुई, न ही किसी को अतिरिक्त चार्ज दिया गया है।
इनसेट
अनुशासनिक कार्रवाई के निर्देश
निलंबन के बाद अब ईओ के खिलाफ विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई भी होगी। इसके लिए निदेशक ने जांच के आदेश दिए हैं। निदेशालय के वित्त एवं लेखाधिकारी को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।
इनसेट
निरस्त कर दी थी टेंडर प्रक्रिया
ईओ सुनील कुमार मिश्रा का पिछले साल नगर निकाय चुनाव से पहले नगर पालिका परिषद मंझनपुर से इटावा तबादला कर दिया गया था। शासन से 10 अगस्त को उन्हें नगर पालिका परिषद भरवारी में नियुक्त कर दिया गया। यहां पर तैनात रहे ईओ शैलेंद्र कुमार मिश्रा को दूसरे जनपद भेज दिया गया। विभागीय सूत्रों का कहना है कि पूर्व ईओ शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने जुलाई में ही मैन पॉवर आपूर्ति के लिए टेंडर प्रक्रिया लगभग पूरी करवा दी थी। 12 कार्यदायी संस्थाओं ने टेंडर डाला था। एक कंपनी का चयन भी हो गया था। बाद में टेंडर प्रक्रिया निरस्त कर दी गई।
वर्जन
नगर निकाय निदेशालय की ओर से नगर पालिका परिषद भरवारी के ईओ सुनील कुमार मिश्रा को निलंबित किया गया है। इसकी जानकारी हुई है लेकिन अभी आदेश नहीं मिला है। भरवारी में किसी दूसरे ईओ की तैनाती भी नहीं हुई है।
- अरुण कुमार गोंड, एडीएम, एफआर