मंझनपुर (ब्यूरो)। संयुक्त जिला अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था का हाल जानने के लिए डीएम ने गुरुवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में उन्हें गंदगी नजर आई। इस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए संविदा पर नियुक्त सुपरवाइजर की सेवा समाप्ति का निर्देश मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को दिया।
संयुक्त जिला चिकित्सालय में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मरीजों को मिल रहा है अथवा नहीं, इसकी जानकारी करने के लिए गुरुवार को डीएम मनीष कुमार वर्मा ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि मरीज को बाहर से दवा लानी पड़ी तो पर्चा लिखने वाले चिकित्सक की खैर नहीं है। निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय परिसर में खड़ी मोटर साइकिल पर डीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए एंबुलेंस के अलावा एक भी वाहन गेट के नजदीक नहीं रहने देने का निर्देश दिया।
डीएम ने सिटी स्कैन, हड्डी रोग कक्ष, प्रसूता कक्ष, इमरजेंसी वार्ड, वेंटीलेटर, जनरल वार्ड का निरीक्षण किया और मरीजों से वार्ता कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी की। निरीक्षण के दौरान परिसर में गंदगी पाए जाने पर उन्होंने संविदा पर तैनात सुपरवाइजर अनिल कुमार की सेवा समाप्त करने का निर्देश सीएमएस को दिा। डीएम के निरीक्षण के समय सीएमएस डॉ. दीपक सेठ के अलावा सभी चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।