अटसरांय हाईवे ओवरब्रिज के नीचे ठेले व दुकान की वजह से लगा जाम। संवाद
सैनी कोतवाली क्षेत्र के अटसरांय में हाईवे ओवरब्रिज के नीचे अतिक्रमण और अव्यवस्था के चलते रोजाना जाम की समस्या विकराल होती जा रही है। बृहस्पतिवार को फल के ठेले, ई-रिक्शा और खड़े वाहनों की वजह से आम लोगों से लेकर एंबुलेंस तक को परेशानी उठानी पड़ रही है।
एंबुलेंस चालक बिमलेश ने बताया कि अजुहा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक मरीजों को ले जाने में जाम सबसे बड़ी बाधा बन रहा है। कई बार एंबुलेंस को रास्ता नहीं मिल पाता और चालक को हूटर बजाते हुए खड़ा रहना पड़ता है, जिससे मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता। अटसरांय में हाईवे पर बने ओवरब्रिज के नीचे फुटपाथ पर फल विक्रेताओं और दुकानदारों ने स्थायी रूप से कब्जा कर लिया है। इसके साथ ही ई-रिक्शा, ट्रैक्टर और अन्य चार पहिया वाहन चालक सड़क किनारे वाहन खड़े कर मौके से चले जाते हैं। इससे यहां हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ट्राला चालक धर्मेंद्र पांडेय का कहना है कि संकरी जगह और अव्यवस्थित खड़े ठेलों के कारण वाहन निकालना मुश्किल हो जाता है। कई बार हल्की टक्कर होने पर स्थानीय दुकानदार झगड़े के लिए तैयार हो जाते हैं, जिससे स्थिति और बिगड़ जाती है।