मंझनपुर। बिजली का बिल जमा न होने के कारण मुख्यालय स्थित तीनों कांशीराम कॉलोनियों के 700 घरों की बत्ती गुल कर दी गई है। इससे तीनों कॉलोनियों में अंधेरा छा गया है। इससे करीब 3500 लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने कॉरपोरेशन पर समय से बिल न देने का आरोप लगाया है।
शहरी गरीबों के लिए शासन की ओर से नगर में समदा के पास दो और गांधी नगर में एक कांशीराम कॉलोनी बनवाई गई है। इनमें करीब एक हजार घर हैं, लेकिन इनमें से लगभग 300 आवास खाली हैं। 700 मकानों में ही परिवार रहते हैं। बताया जाता है कि यहां रहने वाले लोगों ने लंबे समय से बिजली के बिल का भुगतान नहीं किया। धीरे-धीरे यह बकाया 28 लाख रुपये पहुंच गया। बकाये बिल के जमा न होने पर पॉवर कॉरपोरेशन ने दो दिन पहले तीनों कॉलोनियों के बिजली कनेक्शन काट दिए।
लोग लाइन न जोड़ सकें, इसलिए अभियंताओं ने ट्रांसफार्मर का ही कनेक्शन ही काट दिया। कनेक्शन कटने के बाद से तीनों कॉलोनियों में रहने वाले करीब 3500 लोग अंधेरे में हैं। मोबाइल चार्ज करने से लेकर पेयजल तक की समस्या से इन्हें जूझना पड़ रहा है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि किसी पर 50 हजार तो किसी पर एक लाख रुपये बिल बकाया है। इसकी सबसे बड़ी वजह समय से बिल का न मिलना है। छह-छह महीने का एक साथ बिल दिया जाता है। बकाया अधिक हो जाने के कारण वह जमा नहीं हो पाता।
बिजली कनेक्शन कट जाने के कारण सबसे बड़ी दिक्कत पेयजल की हो गई है। घरों के साथ ही अभियंताओं ने स्ट्रीट लाइट के कनेक्शन भी काट दिए हैं। कम से कम स्ट्रीट लाइट तो छोड़ देनी चाहिए थी।-राजू मौर्य
----
लोगों ने में चंदा लगाकर हैंडपंप में मोटर लगवा ली थी। ताकि घरों तक पानी पहुंचता रहे। बिजली कनेक्टशन कटने के बाद से पानी बाल्टियों में भरकर दो से तीन मंजिल तक चढ़ाना पड़ रहा है।-शैलेंद्र कुमार
----
समय पर बिजली का बिल दिया नहीं जाता है। इसके कारण बिजली का बिल अधिक हो जाता है। सीमित आमदनी में यह बिल कैसे जमा हो सकता है। बिल भी सही नहीं मिलता। इसे देखने वाला कोई नहीं है।- मीरा देवी
----
दो दिन से अंधरे में रहने के लिए विवश हैं। कॉलोनी के आसपास खेल खलिहान और नहर है। जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता है। चोरी की घटनाओं का डर अलग से है।- रूपा देवी
तीनों कांशीराम कॉलोनियों के करीब 700 घरों पर लगभग 28 लाख रुपये का बिजली का बिल बकाया है। कई बार चेतावनी देने के बाद भी इसे जमा नहीं किया गया। इसलिए कॉलोनियों का कनेक्शन काट दिया गया है।- अंकित यादव, एक्सईएन, पॉवर कॉरपोरेशन