जिले में मंगलवार को तेज हवा संग हुई बारिश की वजह से बिजली आपूर्ति व्यवस्था भी चरमरा गई। जिला मुख्यालय के कई इलाकों में बत्ती गुल रही। वहीं ग्रामीण अंचल में 200 से अधिक गांवों में लोग बिजली के लिए तरसते रहे। बिजली न आने से लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा।
जिला मुख्यालय में डीएम आवास के पास बारिश और तेज हवा में एक भारी भरकम पेड़ कलक्ट्रेट फीडर की लाइन पर गिर पड़ा। इससे लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसी तरह टेवां फीडर की लाइन पर ओसा रोड में भक्तन का पुरवा के पास पेड़ गिर गया, जिससे इस फीडर से बिजली की आपूर्ति भी ठप हो गई।
यही नहीं उपकेंद्र की 33 केवी लाइन में दिन में कई बार ट्रिपिंग हुई। इसके अलावा अन्य 11 केवी फीडरों में कई जगह गड़बड़ी की शिकायतें रहीं।
बारिश की वजह से कहीं जंफर कट गया था तो कहीं इंसुलेटर पंक्चर हो गया। अवर अभियंता चंद्रिका प्रसाद समेत उपकेंद्र के कर्मचारी दिन भर लाइनों की खामियां खोजने और पेड़ों की डालें कटवाने में जुटे रहे। लगातार बारिश ने कर्मचारियों की मुश्किलें और भी बढ़ा रखीं थीं। देर शाम उपकेंद्र की 33 केवी लाइन में ही गड़बड़ी आ गई।
इस वजह से पूरे नगर क्षेत्र में अंधेरा छा गया। लगभग सात हजार उपभोक्ताओं को बिजली के संकट से जूझना पड़ा। यही हाल सिराथू, कड़ा, कौशाम्बी और पश्चिमशरीरा क्षेत्र में भी रहा। लगभग 25 गांवों में लोग बिजली को तरसते रहे।
-
चायल क्षेत्र के 150 गांवों की बत्ती गुल
तहसील क्षेत्र में मनौरी, चरवा, चायल, पेरवा, बेनीराम कटरा, सरायअकिल और पुरखास बिजली उपकेंद्र हैं। तिल्हापुर, जैतपुर पूरे हजारी, हासिमपुर किनार, मोहम्मदाबाद, हसनपुर, चंदूपुर, सुरसेनी, नूरपुर, पेरवा, मेड़ई, बरेठी समेत इलाके के 150 गांवों को इन उपकेंद्रों से बिजली आपूर्ति होती है।
मंगलवार को भारी बारिश और तेज हवा के कारण चंदूपुर अमरायन में पेड़ की डाल टूटकर बिजली के तार पर गिर गई। इससे बिजली का खंभा टेढ़ा हो गया है। जवाहरगंज में मिट्टी धंसने के कारण एक बिजली का पोल झुक गया। इसी गांव में एक नीम का पेड़ बिजली की लाइन पर गिर गया। वहीं हसनपुर में बिजली की लाइन टूट गई।
इसी तरह हर बिजली उपकेंद्र से जुड़े किसी न किसी गांव में विद्युत लाइनों में खराबी रही। तेज हवा को देखते हुए एहतियातन कई फीडर बंद रखे गए। लगभग क्षेत्र के सभी गांवों में लोग बिजली संकट से जूझते रहे। तमाम गांवों में देर रात तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।
-
भोर से बालकमऊ उपकेंद्र की लाइन में आई खराबी, 25 गांवों में देर रात तक ठप रही बत्ती
विद्युत उपकेंद्र बालकमऊ से इचौली, कादीपुर, नियमतापुर, बिसारा, दशरथपुर, बालकम, भदवा, खोराव सहित करीब 25 गांवों में बिजली आपूर्ति होती है। मंगलवार भोर करीब पांच बजे इस उपकेंद्र की 33 केवी लाइन में खराबी आ गई। हालांकि, कर्मचारियों की टीम लाइन की जांच में जुटी रही, लेकिन देर रात तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
इसी उपकेंद्र से नगर पालिका परिषद के बिसारा और बालकमऊ स्थित पंप हाउस भी जुड़े हैं। बिजली न मिलने के कारण यह पंप हाउस बंद पड़े रहे। बिसारा के सौरभ, संस्कार, शिवा, रुद्र प्रकाश तिवारी ने बताया कि बिजली न आने से सबसे ज्यादा दिक्कत पेयजल को लेकर हुई।
पाइप लाइन से आपूर्ति हुई नहीं। घरों में लगे सबमर्सिबल पंप भी नहीं चल सके। लोग पानी के लिए भटकते रहे। उपकेंद्र के जेई प्रदीप कुमार ने बताया कि लाइन की पेट्रोलिंग कराई जा रही है। जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।