कलेक्ट्रेट कालोनी के कर्मचारी अब तक चोरी की बिजली का इस्तेमाल कर रहे थे। देर रात जेई ने कालोनी की आपूर्ति बंद कर दी। इससे नाराज कलेक्ट्रेट कर्मियों ने जमकर हंगामा किया। साथ ही बिजली विभाग के कर्मियों से भिड़ गए। जानकारी होने पर सीडीओ ने मध्यस्थता कर मामले को शांत कराया।
कलेक्ट्रेट कालोनी के कर्मचारी सालों से चोरी की बिजली जला रहे थे। विद्युत बकाया की वसूली न होने पर विभाग ने अभियान चला रखा था। इसी दौरान एक्सईएन को पता चला कि कलेक्ट्रेट कालोनी के कर्मचारी बगैर कनेक्शन लिए बिजली का इस्तेमाल कर रहे हैं। देर रात एक्सईएन के निर्देश पर जेई चंद्रशेखर आजाद ने टीम के साथ कालोनी में धावा बोल दिया। सीधे ट्रांसफार्मर से कर्मचारियों के आवासों का कनेक्शन काट दिया गया। बत्ती गुल होते ही कर्मचारियों ने टीम को घेर लिया और हंगामा शुरू कर दिया।
जानकारी होने पर सीडीओ मौके पर पहुंचे। सीडीओ ने किसी तरह मामला शांत कराया। जेई ने दो दिन के भीतर कनेक्शन कराने की मोहलत देते हुए रात 12 बजे विद्युत आपूर्ति बहाल की तो कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।