करंट से बालक की मौत मामले में बिजलीकर्मी पर मुकदमा
- पांच दिन पहले वैवाहिक समारोह के पंडाल में उतरा था करंट
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। कोखराज कोतवाली के रामपुर सुहेला गांव में पांच दिन पहले पंडाल में उतरे करंट की चपेट में आकर बालक की मौत के मामले में बिजलीकर्मी पर मुकदमा दर्ज हो गया है। पंडाल में बिजली की सजावट करने वाले मैकेनिक की लापरवाही उजागर होने पर बालक की मां ने मुकदमा दर्ज कराया है।
रामपुर सुहेला गांव में बच्ची लाल के घर पांच जून को बेटी की बरात आई थी। रात को शादी समारोह में शामिल होने के लिए गांव के ही राम सिंह अपने बेटे शीनू (12) के साथ आए थे। घराती-बराती डीजे की धुन पर नाच रहे थे। इसी दौरान बालक ने पंडाल में लगे लोहे के रॉड को पकड़ लिए। रॉड में करंट उतरा था। जिसकी चपेट में आकर शीनू झुलस गया। इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में मृतक के मां की तहरीर पर शनिवार को कोखराज पुलिस ने आरोपी बिजली मैकेनिक प्रमोद पटेल (संचालक लाइट एंड डेकोरेशन) के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।