- विवाहिता की मां की तहरीर पर पति समेत आठ पर मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
अजुहा। कस्बे में शनिवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। देर रात घटना की जानकारी पर पहुंचे मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। विवाहिता के मां की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत आठ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। संदीपनघाट कोतवाली के परऊ मियां का पूरा नरवर पट्टी गांव की देवरती पत्नी स्व.बांकेलाल ने बताया कि उसने अपनी बेटी कांती देवी की शादी मार्च 2021 में अजुहा कस्बे के शिवबाबू के साथ की थी।
शादी के कई दिनों बाद से ही ससुरालवाले दहेज में पांच लाख नकद की मांग कर बेटी को प्रताड़ित करने लगे। शनिवार देर रात पता चला कि उसकी बेटी की हत्या हो गई है। परिवार के साथ वह अजुहा पहुंची तो बेटी की लाश पड़ी थी। आरोप है कि कांती को गला दबाकर ससुरालियों ने मार डाला था।
इसे लेकर मायके वालों ने हंगामा शुरू किया तो ससुराल पक्ष के लोग खिसक गए। देर रात पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देवरती की तहरीर पर सैनी कोतवाली पुलिस ने पति शिवबाबू, ससुर शिवचंद्र, जेठ शिवपूजन, जेठानी, सास व ननद समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मजदूरी करता है विवाहिता का पति
अजुहा। विवाहिता कांती की संदिग्ध हालत में मौत के मामले में जांच कर रही पुलिस को फौरी तौर पर पता चला कि मृतका का पति एक पशु बाजार में मवेशियों को चराने का काम करता है। ऐसे में किसी बात को लेकर घरेलू कलह तो हो सकती है लेकिन, पांच लाख का दहेज मांगा जाना पुलिस की समझ से परे है।
00
जेठ बोला, फंदे से लटकी थी कांती
अजुहा। विवाहिता के जेठ शिवपूजन ने बताया कि शनिवार देर शाम कांती ने घर के एक कमरे में गड़े लोहे की छह फीट ऊंची पाइप में साड़ी के सहारे फंदा लगा लिया था। घटना की जानकारी होने पर वह लोग उसे इलाज के लिए फौरन अजुहा के निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत देख कर उसे रेफर कर दिया। सीएचसी सिराथू ले जाने पर चिकित्सकों ने कांती को मृत घोषित कर दिया है।
-
इनका कहना है
विवाहिता की मौत के मामले में मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।
अवधेश विश्वकर्मा, सीओ सिराथू