मनौरी पावर हाउस के चार फीडरों से जुड़े उपभोक्ताओं ने मंगलवार की दोपहर चायल-मनौरी सड़क जाम कर दिया। उपभोक्ताओं का आरोप था कि माह भर से उन्हें महज दो घंटे बिजली मिल रही है। जाम के चलते आने-जाने वाले लोगों को स्कूली बच्चों को कठिनाई का सामना करना पड़ा। जानकारी होने पर पहुंचे एसडीएम चायल ने किसी तरह समझा बुझाकर जाम समाप्त कराया।
मनौरी पावर हाउस से असरावल, पीपलगांव, चायल, चरवा फीडर के सैकड़ों गांवों को बिजली आपूर्ति की जाती है। फीडर से जुड़े उपभोक्ता भारत लाल, अरुण तिवारी, चंदू तिवारी, सुरेंद्र सिंह, मुन्नू पांडेय, संतोष कुमार आदि का आरोप है कि एक माह से चारों फीडर के उपभोक्ताओं को चार-चार घंटे बिजली आपूर्ति की जाती है। आपूर्ति के दौरान कटौती इतनी अधिक होती है कि महज दो घंटे ही बिजली मिल पाती है। इसे लेकर मंगलवार को संबंधित गांवों के उपभोक्ता पावर हाउस पहुंचे और घेराव किया। बात न बनती देख उपभोक्ताओं ने चायल-मनौरी सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। इससे दोपहर 12 से तीन बजे तक यातायात बाधित रहा।
सबसे ज्यादा फजीहत वाहनों से घर आने-जाने वाले स्कूली बच्चों हुई। वह भूखे-प्यासे बस में बैठकर तमाशा देखते रहे। मामले की जानकारी एसडीएम चायल अश्वनी कुमार श्रीवास्तव को हुई तो वह मौके पर पहुंचे और एसडीओ इंद्रभान सिंह को बुलाकर समस्या के बारे में जानकारी दी। इसके बाद उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति का आश्वासन दिया। एसडीएम के आश्वासन पर तीन बजे के बाद जाम समाप्त हो सका।