चुनाव प्रचार मंगलवार की शाम से थम जाएगा। शाम होते ही जिले के बार्डर को सील कर दिया जाएगा। सीमा में लगाए गए 14 बैरियर पर पुलिस तैनात कर दी जाएगी। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी नजर आएंगे। इसके अलावा गांवों की भी खास उड़न दस्ता व पुलिस की टीमें छानेंगी। यदि प्रचार-प्रसार करता कोई पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई कर दी जाएगी। साथ ही उसका वाहन भी जब्त कर लिया जाएगा।
चौथे चरण का चुनाव प्रचार मंगलवार की शाम से बंद हो जाएगा। प्रचार बंद होते ही पुलिस सक्रिय हो जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी अखंड प्रताप सिंह व एसपी वीके मिश्र ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि प्रचार बंद होते ही जिले की सभी सीमाओं को सील कर दिया जाएगा। सीमा पर 14 बैरियर लगाए गए हैं। जिले में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच-पड़ताल की जाएगी, इसके अलावा वाहनों की तलाशी भी जाएगी। संवेदनशील व अतिसंवेदनशील गांवों का पुलिस भ्रमण करेगी। इनके साथ उड़न दस्ता, स्टेटिक सर्विलांस टीम, वीडियो निगरानी टीम की भी निगाह तीनों विधानसभा सीटों पर रहेगी। इस दौरान यदि कोई प्रचार प्रसार करते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा गांवों में मतदाताओं को प्रभावित करने की यदि किसी ने कोशिश की ओर पुलिस को सूचना मिली तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई होगी। पुलिस छापा मारकर ऐसे लोगों को उठा सकती है। इस मामले मे डीईओ ने सख्ती बरतने का निर्देश पुलिस कर्मियों को दिया है। पैरामिलिट्री फोर्स भी इस दौरान विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण करेगी।
जिले में चुनाव कराने को आ गई फोर्स
तीसरे चरण का मतदान होने के बाद जिले में चौथे चरण का चुनाव सकुशल संपन्न कराने के लिए फोर्स आ गई। फोर्स ने जिले के 40 स्कूलों में अपना डेरा डाल दिया है। सोमवार की भोर से गैर जनपदों से आने वाली फोर्स रोडवेज बसों से आने लगी थी। पुलिस लाइन में फोर्स ने अपनी आमद करा दी है। पुलिस लाइन से इस फोर्स को अलग-अलग स्कूलों में ठहराने के लिए भेजा गया है।
कितनी आई फोर्स
सीपीएमएफ- 30 कंपनी
पीएसी - 4 कंपनी
एसआई -273
एचसीपी -248
कांस्टेबिल-2702
होमगार्ड -2100