चायल संपूर्ण समाधान दिवस में कमिश्नर सौम्या अग्रवाल से शिकायत करती महिला। संवाद
तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब रामसंवारी (75) झोले में ईंट के टुकड़े भरकर सभागार पहुंच गईं। अधिकारियों पर सुनवाई न करने का आरोप लगाया और धमकी दी कि इस बार न्याय नहीं मिला तो वह अधिकारियों पर ईंट चला देंगी। महिला सिपाही उन्हें बाहर ले गईं और ईंट के टुकड़े फिंकवाए।
सुनवाई में कमिश्नर को आना था। उनके आने से पहले एसडीएम अरुण कुमार शिकायत सुन रहे थे। महिला सिपाहियों ने पट्टी नरवर गांव निवासी रामसंवारी को एसडीएम के समक्ष पेश किया। उन्होंने बताया कि उनके पति दिवंगत मिठाई लाल को एक बिस्वा भूमि का पट्टा मिला था। आरोप लगाया है कि उस जमीन पर उनके पट्टीदारों ने कब्जा कर लिया है। कई बार हल्का लेखपाल और एसडीएम से शिकायत की लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसडीएम ने हल्का लेखपाल को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कहा कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
थोड़ी देर बाद कमिश्नर सौम्या अग्रवाल पहुंचीं और लोगों की समस्याएं सुनीं। भूमि विवाद, अवैध कब्जे, ग्रामसभा की जमीन पर प्लॉटिंग, राजस्व अभिलेखों में गड़बड़ी, पुलिस कार्रवाई में लापरवाही और पेंशन संबंधी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। बसुहार गांव की एक महिला ने ग्रामसभा की भूमि पर अवैध प्लाटिंग की शिकायत की। कमिश्नर ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को जांच कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व, पुलिस और विकास विभाग से जुड़ी शिकायतों पर अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
चायल संपूर्ण समाधान दिवस में कमिश्नर सौम्या अग्रवाल से शिकायत करती महिला। संवाद