कोतवाली क्षेत्र के देवखरपुर गांव निवासी अमृतलाल (65) की सर्पदंश से मौत हो गई। बुधवार देर रात घर के बाहर शौच के लिए जा रहे थे तभी सांप ने डस लिया। हालत गंभीर होने पर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज से एसआरएन अस्पताल, प्रयागराज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक अमृतलाल बुधवार रात घर पर सो रहे थे। देर रात वह शौच के लिए घर के बाहर निकले। तभी उनके पैर में किसी जीव के काटने का एहसास हुआ। उन्होंने तत्काल अपने पुत्र रजनीश और मनीष को आवाज देकर बुलाया। दोनों मौके पर पहुंचे तो टॉर्च की रोशनी में एक सांप झाड़ियों की ओर भागता दिखाई दिया।
परिजन तत्काल उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज, मंझनपुर ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर प्रयागराज जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मामले की जानकारी होने पर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। संवाद