ओसा मंडी में किसान को ऋण मोचन प्रमाण पत्र देते प्रभारी मंत्री व जिला पंचायत अध्यक्ष अनामिका सिंह।
- फोटो : amar ujala
मंडी समिति ओसा में शुक्रवार को ऋण मोचन योजना के तहत आठ हजार किसानों को ऋण मोचन का प्रमाण पत्र वितरित किया गया। प्रभारी मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी ने तीनों तहसीलों के 30 किसानों को अपने हाथों से प्रमाण पत्र दिए। इसके बाद बाकी किसानों को सांसद, तीनों विधायकों, डीएम, सीडीओ सहित कई अफसरों ने प्रमाण पत्र आवंटित किया। कर्जमाफी का प्रमाणपत्र मिलते ही किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
शुक्रवार को ओसा मंडी समिति परिसर में प्रथम चरण में चयनित जिले के 8383 किसानों को कर्ज माफी का प्रमाण पत्र देने के लिए कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन द्वारा किया गया था। कार्यक्रम स्थल पर मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी सवा दो घंटे देर से पहुंचे मंत्री ने किसानों से कहा कि भाजपा सरकार किसानों की आय को वर्ष 2022 तक दोगुना करने की ठान चुकी है।
किसानों के उन्नयन के लिए बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन व आत्मा योजनाओं का संचालन संबंधित विभागों के माध्यम से कराते हुए लाभान्वित कराया जा रहा है। किसानों को बताया कि प्रथम चरण में कर्जमाफी का प्रमाण पत्र जिला स्तर पर किया जा रहा है। द्वितीय चरण में तहसील स्तर पर व तृतीय चरण में बैंक स्तर पर प्रमाण पत्र वितरित कराया जाएगा।
अंत में उन्होंने तीनों तहसीलों के दस-दस किसानों को अपने हाथों से ऋण माफी का प्रमाण पत्र सौंपा। मंत्री के हाथों कर्जमाफी का प्रमाण पत्र मिलते ही किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इसके बाद सांसद विनोद सोनकर, विधायक संजय गुप्ता, शीतला प्रसाद पटेल, लाल बहादुर, डीएम मनीष कुमार वर्मा, सीडीओ डीके दोहरे ने किसानों को प्रमाण पत्र दिए।