हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मंगलवार को दोपहर में मुख्यालय चाैराहे के पास दुकान में घुसकर एक युवक पर हमला कर दिया। आरोपियों ने चाय की दुकान पर बैठे युवक को बेरहमी से पीटा। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित युवक को बचाकर मेडिकल काॅलेज पहुंचाया, जहां से उसे प्रयागराज रेफर कर दिया गया।
कोखराज थाना क्षेत्र के बिसारा निवासी अभिमन्यू कुमार उर्फ बबलू ओझा मंगलवार दोपहर जिला पंचायत से सटी चाय की दुकान पर बैठे थे। तभी संगठन से जुड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। आरोप था कि वे किसी की जमीन की पैरवी कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने बबलू को पकड़कर बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। उसके सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं हैं। घटना की जानकारी होते ही वहां कोतवाली पुलिस पहुंच गई। घटना से संबंधित वीडियो भी वायरल हो रहा है हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इसकी पुष्टि नहीं करता। मामले में पीड़ित की तहरीर पर विहिप के जिलाध्यक्ष अवधेश नारायण शुक्ला, वेद प्रकाश पांडेय, पुष्पेंद्र पांडेय, शिवम पांडेय, दीपक मौर्या, वीरेंद्र दीवाकर, सर्वेश पटेल और यशवंत यादव समेत 15 अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। दूसरी ओर मंझनुपर ब्लॉक में घटना के बाद दोनों पक्ष के दर्जनों लोग जमा हैं।
चौराहे पर हुई मारपीट के मामले में वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए एहतियातन थाने और आसपास पीएसी तैनात कर दी गई है। - राजेश कुमार सिंह, एएसपी