मंझनपुर। जिले भर में बुधवार को ईद धूमधाम से मनाई गई। सुबह लोग नए कपड़ों में ईदगाह व मस्जिदों में नमाज अदा की और देश की तरक्की की दुआ मांगी। जिले भर में करीब 78 इबादतगाहों में करीब एक लाख लोगों के नमाज पढ़ने का अनुमान लगाया गया।
मंझनपुर के ईदगाह में सुबह से ही लोग एकत्र होने लगे थे। सुबह साढ़े सात बजे मौलाना इकबाल ने लोगों को नमाज अदा कराई। इसके बाद जो लोग ईदगाह की नमाज में पहुंचने से वंचित रह गए थे, उन्हें जामा मस्जिद में नमाज अदा कराई गई। भरवारी स्थित ईदगाह में मौलाना शोएब ने नमाज अदा कराई। इस मौके पर पूर्व चेयरमैन गंगा प्रसाद उर्र्फ काले केसरवानी, विपिन केसरवानी, महबूब आलम, गुलाम हसन, हाजी महमूद अहमद, अबरार अहमद तथा कलक्टर केसरवानी ने ईदगाह लोगों से गले मिलकर मुबारकबाद दी। मूरतगंज संवाददाता के मुताबिक कशिया पूरब स्थित मस्जिद में पौने आठ बजे, धन्नी और आलम चंद्र में आठ बजे, पट्टी परवेजाबाद में 8.30 बजे ई-दुल-फितर की नमाज अदा की गई। राला स्थित शिया जामा मस्जिद में मौलाना हुज्जतुल इस्लाम गुलाम मोहम्मद की मौजूदगी में ईद की नमाज अदा कराई गई। अकीदतमंदों ने देश के सलामती की दुआ मांगी। इस मौके पर हैदर अब्बास रिजवी, सब्बर रिजवी, सबीह मेंहदी, मो. आबिद, मो. अख्तर, अफरोज मेंहदी, मो. कैसर आदि ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। बारा संवाददाता के मुताबिक क्षेत्र के बिजिया चौराहरा, इटैला, कोसम, हजियापुर, ढेकहाई, दुल्हनियापुर, गोहरा मारुफपुर आदि स्थानों पर ईद की नमाज अदा की गई। करारी संवाददाता के मुताबिक कस्बा स्थित ईदगाह में सुबह नौ बजे कारी कमालउद्दीन ने नमाज अदा कराई। किला पर स्थित मस्जिद में पेश इमाम की मौजूदगी में, नयागंज स्थित इबादतगाह में मौलाना अब्दुल रहमान तथा शिया जामा मस्जिद में मौलाना जमीर की अगुवाई में अकीदतमंदों ने नमाज अदा की। भैला मकदूमपुर, गुवारा तैयबपुर, नेवारी समेत कोतवाली क्षेत्र के करीब 20 स्थानों पर नमाज अदा की गई। कल्यानपुर संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के झंडापुर में असलम अब्बानी, शहजादपुर में मौलाना अहमद रजा और ननमई में मौलाना अली हसन ने अकीदतमंदों को नमाज अदा कराई। इसके अलावा मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र में 14. पश्चिम शरीरा में सात, महेवाघाट में छह, कौशांबी में चार, सरायअकिल में 16, चरवा में 14, पिपरी में 14, पूरामुफ्ती में 26, कोखराज में 45, सैनी में 22 और पइंसा थाना इलाके में 21 स्थानों पर ईद की नमाज अदा कराई गई। मंझनपुर स्थित ईदगाह में खुद जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा व एसपी प्रदीप गुप्ता ने मौजूद रहकर नमाज कराई और लोगों को पर्व की शुभकामना दी। पुलिस के खुफिया विभाग के आंकड़े के मुताबिक शनिवार को जिले भर के इबादतगाहों में एक लाख से ज्यादा लोगों ने ईद की नमाज अदा की।