सैनी कोतवाली क्षेत्र के लोहंदा गांव में शनिवार की सुबह तेज रफ्तार कार ने सब्जी लादकर जा रहे एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया और चालक व एक सब्जी व्यापारी गिरकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजवाया।
जानकारी के अनुसार, अटसरॉय गांव निवासी शैलेंद्र (22) पुत्र भैयालाल ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। शनिवार को वह सैनी सब्जी मंडी से पथरावां गांव निवासी कुंवर चंद्र पुत्र ननका की सब्जी लादकर परास बाजार जा रहा था। जैसे ही ई-रिक्शा लोहंदा गांव के पास स्थित एक स्कूल के सामने पहुंचा, इसी बीच सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा पलट गया और दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।