अनेठा गांव के बदबदा मोड़ पर मंगलवार को तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा के परखचे उड़ गए और उसमें सवार 10 लोग घायल हो गए। सभी को सीएचसी सिराथू में भर्ती कराया गया है। वहीं, कार सवार मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। घटना के बाद ई-रिक्शा चालक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
मंझनपुर थाना क्षेत्र के नारा निवासी अब्दुल वहीद (55) पुत्र अब्दुल जाहिद गांव की सवारियों को ई-रिक्शा से लेकर सैनी थाना क्षेत्र के नागियामई गांव में शादी समारोह में जा रहे थे। जैसे ही वह बदबदा मोड़ के पास पहुंचे। सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शे का आधा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में ई-रिक्शा सवार एकलाख उर्फ चांद (46) पुत्र नजावत, सबीना (40) पत्नी महताब, गोसिया (18) पुत्री महताब, आरिस (12) पुत्र एकलाख, अलीना (8) पुत्री एकलाख, हीबा व ईनमा (8) पुत्री महताब, सन्नो बेगम (40) पत्नी एकलाख, नगीना (45) पत्नी अफसार अहमद, जुबैदा (35) पत्नी अंसार जख्मी हो गए।
हादसे की जानकारी के बाद पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी सिराथू पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। वहीं, पुलिस कार चालक की तलाश में जुटी है।
वर्जन
- ई-रिक्शा चालक के बेटे मो. अरबी की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने की प्राथमिकी दर्ज की गई है। कार छोड़कर चालक फरार है। उनकी तलाश की जा रही है। - राजेंद्र वर्मा, एसओ।