मंझनपुर। सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी सदर ब्लॉक प्रमुख ने पीड़िता को रजिस्टर्ड डाक से पत्र भेजकर सुलह न करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी है। रविवार को पत्र मिलने के बाद से पीड़ित परिवार सहम गया है। पीड़ित किशोरी ने सीएम को पत्र भेजकर आरोपी प्रमुख को गिरफ्तार कराने की मांग की है।
करारी कोतवाली क्षेत्र की एक किशोरी ने चार नवंबर को सदर ब्लॉक प्रमुख हरिमोहन यादव, हिसामपुर प्रधानपति कज्जन व इनके एक साथी पर बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। मामले में पांच नवंबर को आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ। इसके बाद पुलिस उनकी तलाश शुरू कर दी। बुधवार शाम हिसामपुर प्रधानपति कज्जन को पथरा गांव से गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़िता के मुताबिक 30 नवंबर को प्रमुख ने रजिस्टर्ड डॉक से उसे पत्र भेजा। जिसमें समझौता नहीं करने पर परिवार को खत्म करने की धमकी दी। लिखा कि ननिहाल वाले पहले से ही अंजाम भुगत रहे हैं। सुलह नहीं हुआ तो पूरे परिवार को मौत के घाट उतार दिया जाएगा। पीड़ित किशोरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर आरोपी प्रमुख व उसके फरार साथी की गिरफ्तारी कराने की मांग की है।