हमलावरों ने रंजिशन लोहे की राॅड से फौजी का सिर फोड़ दिया। इलाज के लिए उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जख्मी फौजी के भाई की शिकायत पर पुलिस जांच कर रही है।
पिपरी कोतवाली के मखऊपुर गांव निवासी मणितोष यादव ने बताया कि उनके छोटे भाई सुग्गा यादव फौज में हैं। माहभर पहले वह अपनी शादी में छुट्टी लेकर रांची से घर आए थे। वह रविवार दोपहर ड्यूटी पर जाने वाले थे। इसलिए शनिवार शाम वह पड़ोसियों से मिलने गए थे।
आरोप है कि इस दौरान पुरानी रंजिश को लेकर पिता-पुत्र ने गाली-गलौज करते हुए लोहे की राॅड से हमला कर दिया। इससे उनका सिर फट गया, वह लहूलुहान हो गए। चीख-पुकार सुन जुटे परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से उन्हें इलाज के लिए तिल्हापुर मोड़ स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। नामजद तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।