मंझनपुर। सैनी थाना क्षेत्र का 50 हजार का इनामी नशीले पदार्थों का तस्कर पंकज त्रिपाठी बुधवार को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया। एनटीएफ (नारकोटिक्स टास्क फोर्स) की टीम को लखनऊ के मोहनलागंज के कनकहा चौकी क्षेत्र में उसकी मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली, जिसके बाद टीम ने दबिश डाली।
पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी होते ही पंकज ने भागने की कोशिश में पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई के बाद उसे दबोच लिया गया। आरोपी अकबरपुर सिपाह निवासी पंकज त्रिपाठी एनडीपीएस के मामले में बीते 29 अक्तूबर से फरार चल रहा था। लगातार दबिशों के बावजूद गिरफ्त में न आने पर पुलिस अधीक्षक ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से तमंचा व कारतूस सहित नशीले पदार्थ से संबंधित सामग्री बरामद की गई। हिरासत में लिए जाने के बाद उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस आगे की जांच पड़ताल में जुटी है।
एनटीएफ की कार्रवाई में इनामी अपराधी पंकज त्रिपाठी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। वह नशीले पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था और लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी एक बड़ी सफलता है। नेटवर्क की जानकारी जुटाकर कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। -राजेश कुमार, पुलिस अधीक्षक