सरसवां क्षेत्र के सेंगरहा गांव में सुबह सड़क किनारे गहरी खाई में ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक किसान ट्रैक्टर के नीचे फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत से उसे बाहर निकाला और जिला अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सेंगरहा गांव निवासी अवध नारायण पांडेय (60) बृहस्पतिवार सुबह ट्रैक्टर में डीजल भरवाने के लिए भगत का पुरा चौराहा स्थित पेट्रोल पंप गए थे। डीजल भरवाने के बाद वह खेत की जुताई करने के लिए गांव लौट रहे थे।
गांव के पास पहुंचते ही ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और गहरी खाई में पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबने से किसान गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद किसान को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। परिजन उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क किनारे ईंट भट्ठों के लिए मिट्टी की खुदाई किए जाने से करीब 10 फीट गहरी खाई बन गई है। इसमें ट्रैक्टर के पलटने से हादसा हुआ।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क किनारे बनी यह खाई लंबे समय से दुर्घटना का कारण बनी हुई है। किसान की मौत से पत्नी, इकलौते पुत्र दिनेश चंद्र पांडेय समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।