स्थानीय पुलिस ने संवेदनहीनता को तार-तार करके रख दिया। एक व्यक्ति यमुना की लहरों में समा और पुलिस तहरीर का इंतजार करती रही। सूचना के बावजूद पुलिस के नहीं पहुंचने से लोगों में आक्रोश है। पश्चिम शरीरा कोतवाली के कटरी स्थित यमुना घाट में एक व्यक्ति पिछले कई दिनों से घूम रहा था।
उसकी उम्र 35 साल के करीब रही होगी। स्थानीय लोगों की माने तो युवक देखने में विक्षिप्त लग रहा था। वह किसी से बात भी नहीं करता था। शनिवार को खेत में काम कर रहे लोगों ने युुवक को यमुना की तरफ जाते देखा तो शोर मचाया। इसके बाद भी बेपरवाह युवक यमुना में समा गया। इस बात का हल्ला पूरे इलाके में मचा। मौकै पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटी और स्थानीय मल्लाह उसे बचाने के लिए नदीं में कूद पड़े। इसके बाद भी वह निकाला नहीं जा सका। मामले की जानकारी पुलिस को भी दी गई। पर कोई पुलिस कर्मी घाट तक नहीं पहुंचा। थानाध्यक्ष संजय गुप्ता कहना है कि उन्हें तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर वह कार्रवाई करेंगे। अब सवाल यह उठता है कि अगर व्यक्ति विक्षिप्त था और उसके साथ कोई नहीं था तो तहरीर देगा कौन? पुलिस की कारगुजारी को लेकर ग्रामीणों में रोष है।