निर्माणाधीन प्लास्टिक यूनिट का निरीक्षण करते डीपीआरओ। संवाद
विकासखंड कौशाम्बी के बारा ग्राम पंचायत में निर्माणाधीन ब्लॉक प्लास्टिक यूनिट का शनिवार को जिला पंचायत राज अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीपीआरओ ने बताया कि यह यूनिट करीब 16 लाख रुपये की लागत से तैयार की जा रही है। इसके शुरू होने के बाद ब्लॉक क्षेत्र की 57 ग्राम पंचायतों से एकत्रित प्लास्टिक कचरे को यहां लाया जाएगा। मशीनों के माध्यम से प्रोसेस और कटिंग की जाएगी।
प्रोसेस किए गए प्लास्टिक से लोक निर्माण विभाग सड़क निर्माण करेगा। बताया कि इस यूनिट से न केवल ग्राम पंचायतों की आय के नए स्रोत विकसित होंगे, बल्कि प्लास्टिक प्रदूषण पर नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। साथ ही गांवों में साफ-सफाई और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान सहायक विकास अधिकारी जितेंद्र शुक्ल, ग्राम पंचायत सचिव अमित सिंह, सुशील सिंह, प्रधान अजय कुमार, श्रीकांत यादव, रिंकू यादव समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।