करारी। इलाके के महेन्द्र गांव में सोमवार को हुए दोहरे हत्याकांड मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पांच अन्य अभियुक्तों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। वहीं, एसपी ने हल्के के दीवान को भी सस्पेंड कर दिया है। दरोगा पहले ही लाइन हाजिर किए जा चुके हैं।
महेंद्र गांव में सोमवार को रुपये के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले थे। जिसमें एक पक्ष से संतोषी देवी पत्नी रामलखन व दूसरी तरफ के चौबेलाल पुत्र दूनी की मौत हो गई थी। मामले में संतोषी के बेटे अरविंद कुमार की तरफ से पांच और चौबेलाल के भाई शिवमोहन की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
इसी बीच बुधवार सुबह सीओ सिटी एसएन पाठक को खबर मिली कि मृतक महिला पक्ष के आरोपी रामलखन रैदास पुत्र माईदीन, उसका बेटा अरविंद व शीलू उर्फ मनीष घर में ही छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही सीओ के निर्देश पर इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने फोर्स संग दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। घटना के बाद उसी शाम एसपी ने हल्का दरोगा मनोज कुुमार को लाइन हाजिर कर दिया था। वहीं दीवान जयप्रकाश सरोज को मंगलवार को सस्पेंड कर दिया।