ब्लॉक क्षेत्र के तिल्हापुर गांव स्थित आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सालय की डाॅक्टर महाकुंभ ड्यूटी पर हैं। उनकी गैरमौजूदगी में अस्पताल आने वाले मरीजों को जड़ी-बूटी बांटने वाले वार्ड बॉय भी शुक्रवार को सेवानिवृत्त हो गए। ऐसे में अस्पताल में ताला बंद हो गया है। ऐसे में मरीजों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ रहा है।
राजकीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सालय तिल्हापुर में प्रभारी चिकित्साधिकारी डाॅ.अनीता सिंह, वार्ड बॉय विनोद कुमार शुक्ल के साथ ही योग प्रशिक्षक संतोष कुमार की तैनाती है। अस्पताल में ओपीडी में प्रतिदिन औसतन 25 मरीज आते हैं।
पिछले महीने यहां पर तैनात महिला प्रभारी डाॅ.अनीता सिंह को महाकुंभ मेले में ड्यूटी पर भेज दिया गया। उनकी गैरमौजूदगी में वार्ड बॉय विनोद कुमार शुक्ल ही ओपीडी में आने वाले मरीजों के स्वास्थ्य का हाल जानने के बाद जड़ी-बूटी वाली दवाइयां वितरित करते थे।
उनका सहयोग संविदा पर कार्यरत संतोष कुमार भी किया करते थे। 31 जनवरी को वार्ड बॉय विनोद सेवानिवृत्त हो गए। संविदा योग प्रशिक्षक संतोष भी 15 दिन के अवकाश पर हैं। वार्ड बॉय के रिटायर होने के बाद शनिवार को पूरे दिन अस्पताल में ताला लटकता रहा।
शनिवार को अस्पताल में दवा लेने आये तिल्हापुर गांव के केशरी प्रसाद, विपिन कुमार जवई के नीरज कुमार, ज्ञानेंद्र सिंह सुरसेनी के अमित द्विवेदी, जैतपुर पूरेहजारी गांव के शैलेंद्र कुमार वाजपेई आदि गेट पर बंद ताला देख मायूस होकर लौट गए।
सर्दी-खांसी की आयुर्वेदिक अस्पताल में अच्छी दवाई मिलती है। जुकाम व सीने की जकड़न होने पर अस्पताल गया तो पता चला डाॅक्टर कुंभमेला ड्यूटी पर हैं। अस्पताल के गेट में बंद ताला देख मायूस होकर लौटना पड़ा।
शिवचंद्र, तिल्हापुर
-
कब्ज की परेशानी थी, शनिवार को इलाज और दवा के लिए अस्पताल गया तो पता चला कि वहां इलाज करने वाला कोई कर्मचारी ही नहीं है। मजबूरन झोलाछाप से दवा लेनी पड़ी।
-पिंकू सिंह, तिल्हापुर
प्रभारी चिकित्साधिकारी की गैरमौजूदगी में कौशाम्बी आयुर्वेदिक अस्पताल के प्रभारी डाॅ.ज्ञानेश्वर सिंह को चार्ज दिया गया है। साथ ही एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को भेजा जा रहा है। शनिवार को डाॅ.ज्ञानेश्वर को सीआरपीएफ कैंप के कमांडेंट के अनुरोध पर संदीपन घाट प्रकृति परीक्षण के लिए भेज दिया गया था। सोमवार से नियमित अस्पताल खुलेगा।
डाॅ.अक्षयलाल,जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी
-
तिल्हापुर स्थित आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सालय में लगा ताला। संवाद
तिल्हापुर स्थित आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सालय में लगा ताला। संवाद