मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मूरतगंज और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरवारी में आयोजित आरोग्य स्वास्थ्य मेले का निरीक्षण किया। दोनों केंद्रों में पूरा स्टाफ उपस्थित मिला। इस दौरान कुछ चिकित्सक और कर्मचारी निर्धारित ड्रेस में नहीं मिले। जिस पर सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि सभी निर्धारित वर्दी में ही ड्यूटी पर उपस्थित रहें।
सीडीओ ने यह भी निर्देशित किया कि उच्च जोखिम (एचआरपी) गर्भवती महिलाओं का नाम रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए, ताकि प्रसव के समय उनकी पहचान कर विशेष निगरानी रखी जा सके। उन्होंने, शेष सभी पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड जनवरी के अंत तक पूरे कराने के निर्देश दिए। भरवारी पीएचसी में 27 और मूरतगंज पीएचसी में 52 मरीजों का उपचार किया गया।
डीएम के निर्देश पर एफआरयू की तीन सीएचएसी का हुआ निरीक्षण
डीएम के निर्देश पर अधिकारियों ने शनिवार रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायअकिल, सिराथू और कनैली (प्रथम रेफरल इकाई) का निरीक्षण कर रात्रिकालीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इमरजेंसी चिकित्सक की उपलब्धता, प्रसव सेवाएं, 24 घंटे लैब जांच, सी-सेक्शन सुविधा, वार्डों में हीटर, मरीजों से व्यवहार और आरओ पेयजल व्यवस्था की जांच की गई। अधिकारियों ने पाया कि तीनों स्वास्थ्य केंद्रों में रात्रिकालीन व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं, और मरीजों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।