प्रयागराज पूरामुफ्ती क्षेत्र के विश्नुपुरी के लक्ष्मी नगर कुशवाहा बस्ती में शुक्रवार रात बीए द्वितीय वर्ष के छात्र का कमरे में पंखे से लटका शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें लिखा है कि परिजनों के लिए लिखा था, दुखी मत होना, मैं अपनी खुशी से जा रहा हूं।
चरवा कोतवाली के हरदुआ गांव निवासी अधिवक्ता सुनील कुमार सरोज प्रयागराज कचहरी में वकालत करते हैं। वह पत्नी मनीषा और छोटे भाई अनुराग कुमार (19) के साथ प्रयागराज के लक्ष्मी नगर कुशवाहा बस्ती में रहते हैं। अनुराग संदीपनघाट कोतवाली क्षेत्र के रसूलाबाद उर्फ कोइलाहा स्थित शहीद कैप्टन डिग्री कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था।
बड़े भाई के मुताबिक शुक्रवार की शाम वह कमरे में अकेला था। उसने पंखे में रस्सी के सहारे फंदा लगा लिया। देर शाम परिजन वापस लौटे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। खिड़की से झांककर देखा तो अनुराग का शव फंदे से लटक रहा था। यह देखकर परिजनों की चीख निकल गई।
शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर आई पुलिस ने कमरे का निरीक्षण किया। इस दौरान छात्र के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। इसमें लिखा था मेरे घर के लोगों और चाहने वाले लोग दुखी मत होना। साथ ही कोई मेरे परिवार के लोगों को परेशान मत करना। मैं अपनी खुशी से जा रहा हूं। नोट में एक हंसता हुआ इमोजी भी बना था।
पुरामुफ्ती थानाध्यक्ष शांतनु सिंह ने बताया कि घटनास्थल से सुसाइड नोट मिला है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक अनुराग की फाइल फोटो,