डकशरीरा गांव निवासी राजू का शव डीएफसी लाइन के पास मिलने के बाद शनिवार को परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों ने अजरौली के पास राम वनगमन मार्ग हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के चलते हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई।
परिजन 15 हजार रुपये के लेनदेन के विवाद में राजू की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सूचना पर पहुंचे सीओ कौशाम्बी अरुण कुमार शुक्ला के आश्वासन पर परिजन शांत हुए और शव का अंतिम संस्कार किया।
डक शरीरा निवासी कांति ने बताया कि उसका भाई राजू राजकोट में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था और घटना से करीब चार दिन पहले ही घर आया था। परिजनों के मुताबिक, राजू और उसके पिता नाथन से जुड़े 15 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर कुछ लोगों से उसका विवाद चल रहा था। इसी विवाद को परिजन उसकी मौत से जोड़ रहे हैं।
चार दिन पहले जब राजू राजकोट से लौटकर घर आया तो दो दिन बाद उसका शव सिराथू कस्बे में डीएफसी लाइन पर मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास किया। शिनाख्त होने के बाद शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। शनिवार को शिनाख्त के बाद परिजनों को शव सौंपा गया। इसके बाद परिजनों ने मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए हाईवे जाम कर दिया।
अधिकारियों ने दिया कार्रवाई का भरोसा
जाम की सूचना पर पश्चिम शरीरा थानाध्यक्ष बैकुंठ नाथ पांडेय, महेवाघाट थानाध्यक्ष कुमार शंकर सिंह और सीओ कौशाम्बी अरुण कुमार शुक्ला मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद परिजन शांत हुए और शव के अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए। सीओ अरुण कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रकरण में जांच शुरू कर दी गई है। कार्रवाई की जा रही है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के गोरियों गांव के सामने बृहस्पतिवार को डीएफसी रेल लाइन के पोल नंबर 332/01 व 332/02 के बीच अपलाइन पर एक युवक का शव मिला था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची सिराथू चौकी पुलिस ने औपचारिकता पूरी कर सोशल मीडिया के माध्यम से शव के पहचान का प्रयास कर रही थी। शुक्रवार को मृतक के पिता नाथन लाल गौतम ने मृतक की शिनाख्त अपने पुत्र राजू गौतम (22) के रूप में की।
राम वन गमन मार्ग हाईवे पर शव रखकर चक्का जाम करते परिजन। स्रोत: ग्रामीण
राम वन गमन मार्ग हाईवे पर शव रखकर चक्का जाम करते परिजन। स्रोत: ग्रामीण
राम वन गमन मार्ग हाईवे पर शव रखकर चक्का जाम करते परिजन। स्रोत: ग्रामीण