मूरतगंज ब्लॉक में तैनात बीडीओ श्वेता सिंह का स्थानांतरण डीएम ने चायल ब्लॉक कर दिया है। उनके स्थान पर चायल ब्लॉक की बीडीओ मीना रानी गुप्ता को तैनाती दी गई है। डीएम ने यह कार्यवाही बीडीओ श्वेता सिंह की मांग पर की।
मूरतगंज ब्लॉक प्रमुख सऊद अहमद व बीडीओ श्वेता सिंह के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। पिछले हफ्ते दोनाें के बीच मामला काफी आगे बढ़ गया। इस पर ब्लॉक प्रमुख ने एक दिन ब्लॉक परिसर में असलहों का प्रदर्शन तक कर डाला। मामले में बीडीओ श्वेता सिंह ने अभद्रता व जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ कोखराज थाने में एफआईआर दर्ज करा दी।
इतना ही नहीं उन्होंने डीएम मनीष कुमार वर्मा से शिकायत कर दी यदि ब्लॉक से उन्हें नहीं हटाया गया तो जान पर खतरा है। इसी वजह से कई दिनों से वह अपने कार्यालय भी नहीं जा रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने बीडीओ का स्थानांतरण चायल ब्लॉक कर दिया। यहां पर तैनात रही बीडीओ मीना रानी गुप्ता को मूरतगंज ब्लॉक की कमान सौंप दी। तबादले के बाद बीडीओ श्वेता सिंह ने राहत की सांस ली।