महेवाघाट। ‘गांव की समस्या-गांव में’ समाधान अभियान के तहत डीएम डॉ. अमित पाल ने बृहस्पतिवार को पौर काशीरामपुर में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को जल्द निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान डीएम ने प्रभारी चिकित्साधिकारी व एएनएम से टीकाकरण, वीएचएसएनडी सत्र और एचआरपी (हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी) वाली महिलाओं को विशेष ध्यान देने व आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
वहीं, स्वयं सहायता समूहों की स्थिति की समीक्षा करते हुए डीएम ने उपायुक्त एनआरएलएम को और समूह गठित करने, समूह की महिलाओं को वर्मी कंपोस्ट प्रशिक्षण दिलाने और ब्रांडिंग व मार्केटिंग की सुविधा उपलब्ध कराने को कहा।
इस दौरान जल निगम के अधिशासी अभियंता ने बताया कि जल जीवन मिशन का 80 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है और एक फरवरी से गांव में पेयजल आपूर्ति शुरू हो जाएगी। डीएम ने शिवरानी, जग्गूलाल, चंदा देवी सहित कई लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए।