मंडलीय और प्रदेश स्तरीय टीम करेगी परीक्षा केंद्रों की जांच
दो चरणों में जांच की जानकारी पर सक्रिय हुआ महकमा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में धांधली के आरोप लगने के बाद शासन ने फिर से परीक्षा केंद्रों की क्रास चेकिंग कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए 10 जनवरी के बाद से दो चरणों में जांच का कार्य होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ने किसी प्रकार की लापरवाही से बचने के लिए केंद्र संचालकों को जरूरी निर्देश दिए हैं।
परीक्षा केंद्रों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि विभागीय अधिकारियों ने कॉलेज संचालकों से मिलीभगत करके अधूरे मानक वाले कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बना दिया है। कई केंद्रों पर अभी भी मानक पूरे नहीं किए गए हैं। इसकी शिकायत मिलने के बाद शासन ने मंडल व प्रदेश स्तर से जांच कराने के निर्देश दिए। विभाग द्वारा जिला विद्यालय निरीक्षक को जानकारी भेजी गई है कि परीक्षा केंद्रों की दो चरणों में जांच कराई जानी है। प्रथम चरण में 10 जनवरी के बाद से मंडल स्तरीय जांच होगी। जबकि द्वितीय चरण में 15 जनवरी के बाद प्रदेश स्तर से गठित टीम परीक्षा केंद्रों की जांच करेगी। जांच में यदि अधूरे मानक पाए जाते हैं तो विभागीय अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
इनका कहना है
जो कॉलेज परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, वहां किसी भी दिन बाहरी टीम जांच करने पहुंच सकती है। लिहाजा सभी को दस जनवरी तक केंद्रों पर परीक्षा के मानक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।-एसके सिंह,डीआईओएस