Kaushambi Stadium Boys beat JPB Club
- फोटो : KAUSHAMBI
कौशाम्बी स्टेडियम ब्वायज ने जेपीबी क्लब को हराया
कौशाम्बी चैंपियन ट्राफी क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन
मंझनपुर। स्टेडियम टेंवा में मंगलवार को कौशाम्बी चैंपियन ट्राफी क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। उद्घाटन मुकाबले में कौशाम्बी स्टेडियम ब्वायज ने जेपीबी क्लब को 57 रनों से पराजित कर पूरे अंक अर्जित कर लिए। कौशाम्बी स्टेडियम ब्वायज ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 203 रन का स्कोर खड़ा किया। जिसमें सोनू अग्रहरि ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 62 गेंदों में 119 रन बनाए। कुलदीप तिवारी ने 14 व राहुल राय ने 11 रन का स्कोर किया। जेपी क्लब के मो फैजान ने तीन, सागर यादव ने दो तथा नितिन, अवधेश व शिवबाबू ने एक-एक विकेट झटके।
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरे जेपीबी क्लब के बल्लेबाज निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट खोकर महज 146 रन का स्कोर बनाया। कौशाम्बी स्टेडियम के राहुल राय ने दो, कृष्ण कुमार, कुलदीप तिवारी व अवनीश शुक्ल ने सिर्फ एक-एक विकेट लिया। दूसरे मैच में जेपीबी ने रिजवी अकादमी को हराया। जेपीबी की टीम 112 रन पर आल आउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए रिजवी अकादमी की पूरी टीम महज 101 रन पर ढेर हो गई। इससे पहले मुख्य अतिथि डॉ अरुण केसरवानी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस मौके पर उप क्रीड़ाधिकारी अभिज्ञान मालवीय, क्रिकेट प्रशिक्षक परवेज आलम, विनय कुमार, अल्का वर्मा, रामरतन कुशवाहा, सुशील कुमार पटेल समेत तमाम क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।