पिपरी कोतवाली क्षेत्र के दुर्गापुर गांव निवासी भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष भरत भूषण द्विवेदी ने बृहस्पतिवार को अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। जानलेवा हमले के मामले में आरोपी भाजपा नेता को कोर्ट ने जेल भेजा है। पिछले दिनों पुलिस ने उसके घर पर कुर्की का नोटिस भी चस्पा किया था।
दुर्गापुर गांव में एक जून 2020 की देर शाम पुरानी रंजिश को लेकर मुनेश्वर मिश्र व ग्राम प्रधान वरुण पांडेय के घर पर चढ़कर वर्तमान भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष भरत भूषण द्विवेदी, शिवभूषण द्विवेदी, रविभूषण द्विवेदी, हरिभूषण द्विवेदी, जयप्रकाश द्विवेदी, ओमप्रकाश द्विवेदी, लव द्विवेदी, इंद्रेश सुंदर द्विवेदी, अनूप द्विवेदी, दीपक द्विवेदी, सतीश द्विवेदी, लल्ला तिवारी, अंबिका तिवारी ने आदि ने जानलेवा हमला किया था।
हमलावरों ने गोली भी चलाई थी। इस मामले में पुलिस ने 13 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने विवेचना के दौरान 12 लोगों को क्लीन चिट देते हुए भाजपा नेता भरत भूषण द्विवेदी के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था। इसके बाद से भरत भूषण फरार था। 24 दिसंबर को उसके खिलाफ पुलिस ने धारा 82 के तहत कुर्की का नोटिस चस्पा किया। मामले में बृहस्पतिवार को भाजपा नेता ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। अदालत ने उसे जेल भेज दिया है।