नौकरी का झांसा देकर किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने भाजपा किसान मोर्चा के जिला मंत्री मुन्ना नायकर को हिरासत में लिया है। पीड़िता के मुताबिक चार दिन पहले भी नेता ने उसे शादी का झांसा देकर लखनऊ ले जाने का प्रयास किया।
इसकी जानकारी होते ही पीड़िता के परिजनों ने कोखराज कोतवाली में नारेबाजी की तो पुलिस ने आनन-फानन में आरोपी के रिपोर्ट दर्ज की।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की पीड़िता के पिता ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले भाजपा किसान मोर्चा के जिला मंत्री ने सालभर पहले किशोरी को शहर में नौकरी दिलाने का झांसा दिया।
आरोप है कि इसके बाद नेता कई बार किशोरी को लेकर लखनऊ ले गया और वहां होटल में कई-कई दिन रुककर उसके साथ यौन शोषण किया। किशोरी के विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी।
चार दिन पहले भी आरोपी उसे अपने साथ ले जाना चाहता था। इस पर किशोरी ने सबकुछ बता दिया तो परिजनों ने आरोपी के घर जाकर हंगामा किया। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पिछले दो दिन से थाने में दोनों पक्ष के बीच सुलह-समझौते का दबाव बनाया जा रहा था। इससे नाराज घरवालों ने बृहस्पतिवार को कोखराज कोतवाली में नेता के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया।
इस बाबत इंस्पेक्टर विनोद मौर्या का कहना है पीड़िता के घरवालों ने नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।