थाना क्षेत्र के बक्सी का पूरा गांव में शनिवार की देर शाम एक दिव्यांग व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हालांकि, परिजन मौत का कारण खून की उल्टी आना बता रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है।
कड़ाधाम के वार्ड- दो बक्सी का पूरा निवासी सैन कुमार (42) पुत्र प्रभु सरोज शनिवार की शाम गांव के बाहर खेत में रुक गया। बताते हैं कि इसी दौरान उसे अचानक खून की उल्टियां होने लगीं। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कड़ा लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक दिव्यांग था। वह एक होटल में काम करता था। दिव्यांग की मौत से पत्नी अनीता, बेटे पंकज (6), अंकित (एक) और बेटियां सेजल (5) व खुशबू (3) का हाल बेहाल हो गया।
इधर, कड़ा सीएचसी प्रभारी डॉ. सउद ने बताया कि परिवार के लोग सैन कुमार को खून की उल्टी होने की शिकायत पर अस्पताल लाए थे। उसके बचाया नहीं जा सका। उसकी हालत ऐसे कैसे हो गई इसकी भी स्पष्ट जानकारी नहीं हो सकी। संवाद