प्रतियोगिता के बाद उपहार के साथ खुशी जताते बच्चे। स्रोत- शिक्षक
- फोटो : 1
सिराथू। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय थुलगुला में बुधवार को दिव्यांग बच्चों के खेल व संस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। दिव्यांग बच्चों ने जहां रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया। वहीं प्रतियोगिताओं में अपने कौशल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बीएसए डॉ.कमलेंद्र कुशवाहा ने किया। इसके बाद बीईओ कड़ा नीरज कुमार व खंड शिक्षा अधिकारी सिराथू डॉ. प्रज्ञा सिंह व जिला समन्वयक समेकित शिक्षा अवधेश कुमार पांडेय ने खेल से जुड़ी जानकारी देने के साथ ही दिव्यांग बच्चों की चल रही योजनाओं के बारे में बताया। इसके बाद दोनों ब्लॉक के दिव्यांग बच्चों की खेल प्रतियोगिताएं हुई। इसमें दोनों ब्लॉक के अलग-अलग स्कूलों के 55 दृष्टि, श्रवण, मानसिक और शारीरिक दिव्यांग बच्चों ने प्रतिभाग किया।
इस दौरान धागा मोती प्रतियोगिता में मीता प्रथम, आराध्या द्वितीय, अनुराग तृतीय व छूकर पहचानो में रवि प्रथम स्थान पर रहे। वहीं, कुर्सी दौड़ में गौरव प्रथम, विकास द्वितीय, शुभम तृतीय, बालिका दौड़ में अंशिका प्रथम, दीपाली अर्चना द्वितीय, सपना तृतीय और जलेबी दौड़ में रितिक प्रथम, गौरव द्वितीय, राज तृतीय रहे। प्रतियोगिता के अंत में विजेता व उप विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।