मंझनपुर। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक की। उन्होंने सहायक आयुक्त, खाद्य से मिलावटी खाद्य पदार्थों को लेकर सख्त कार्रवाई करने और लाइसेंस निलंबन करने का निर्देश दिया। डीएम ने स्पष्ट कहा कि दूध, घी, मिठाई और मसालों में मिलावट करने वालों के खिलाफ लगातार और प्रभावी कार्रवाई की जाए। कार्रवाई मेरिट के आधार पर हो और किसी भी व्यापारी को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। उन्होंने रक्षाबंधन, नवरात्रि, जन्माष्टमी और स्वतंत्रता दिवस जैसे त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध अपेक्षित छापेमारी नहीं होने पर नाराजगी जताई और सहायक आयुक्त, खाद्य से स्पष्टीकरण तलब किया। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी शालिनी प्रभाकर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार, सहायक आयुक्त खाद्य ममता चौधरी समेत अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।