सिराथू तहसील के रसीद में गांव में खेत में गिरा 11 हजार लाइन का विद्युत पोल। संवाद
तहसील क्षेत्र के रसीदमई गांव में धान की रोपाई के दौरान 11 हजार वोल्ट लाइन का जर्जर बिजली पोल खेत में गिरने से एक महिला मजदूर घायल हो गई। संयोगवश उस समय विद्युत आपूर्ति बंद थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी है।
बुधवार दोपहर कमालपुर उपकेंद्र से जुड़े रसीदमई गांव में राम सुरेमन के खेत में धान की रोपाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान खेत में लगा जर्जर विद्युत पोल अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इसकी चपेट में आने से नीता देवी (पत्नी सुभाष कुमार), निवासी हकीमपुर अफजलपुर, घायल हो गईं। मौके पर मौजूद परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार जारी है।
ग्रामीणों का कहना है कि खेत में लगा यह 11 हजार वोल्ट लाइन का पोल काफी समय से झुका हुआ था। इसकी शिकायत कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने जर्जर पोलों को जल्द बदलने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। संवाद