इसी सिंगल आर्म स्ट्रीट लाइट से छुकर निकली कटीली तार की चपेट में आने से हुई थी किसान की मौत। संव
कोखराज थाना क्षेत्र के बिसारा गांव में धान की नर्सरी लगवाने गए 65 वर्षीय किसान की एलटी करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए कटीले तार में करंट उतर आने से हादसा हुआ।
कोखराज थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-1 आंबेडकर नगर, बिसारा निवासी किसान लल्लू यादव (65) बुधवार सुबह अपने खेत में धान की नर्सरी लगवाने गए थे। खेत की सुरक्षा के लिए कटीले तार लगाए गए थे। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे लगी सिंगल आर्म स्ट्रीट लाइट से एलटी लाइन का करंट कटीले तार में प्रवाहित हो गया ।
किसान खेत की मेड़ बांध रहे थे। संतुलन बिगड़ने पर उन्होंने सहारा लेने के लिए कटीले तार को पकड़ लिया, जिससे वह करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल विद्युत उपकेंद्र पर सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई और उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची कोखराज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। मृतक के चार पुत्र थे, जिनमें दो की पहले ही मौत हो चुकी है। वह अपने दो छोटे बेटों विजय सिंह और फूल सिंह के साथ रहते थे।
प्रथम दृष्टया सिंगल आर्म स्ट्रीट लाइट से किसी व्यक्ति ने अवैध रूप से तार खोलकर टुल्लू पंप चलाया था, जिससे तार खुली रह गई और हादसा हुआ। संबंधित विद्युत कर्मियों को सभी सिंगल आर्म स्ट्रीट लाइटों की जांच के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रामसिंह, अधिशासी अधिकारी