Dewan's service revolver fired at Homagad jawan, serious
- फोटो : KAUSHAMBI
कस्बे के कंथुवा मोहल्ले में शनिवार सुबह यूपी-112 वैन में सवार होमगार्ड के जवान को दीवान की सर्विस रिवाल्वर से गोली लग गई। गोली होमगार्ड के जांघ में लगी। बताया गया कि वैन में सवार दीवान अपनी सर्विस रिवाल्वर साफ कर रहा था तभी फायर हो गया। वहीं चर्चा रही कि दीवान शराब के नशे में धुत था, इस वजह से गोली चल गई। फिलहाल जख्मी होमगार्ड को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना को लेकर पुलिस महकमे में हड़कंप रहा।
सरायअकिल थाने की डायल 112 पीआरवी 1197 पर दीवान संतोष कुमार राय व कौशांबी कोतवाली के बिदांव निवासी होमगार्ड शैलेश कुमार की तैनाती है। शैलेश वैन में चालक है। शनिवार की सुबह दोनों अपनी पीआरवी वैन से क्षेत्र का भ्रमण कर रहे थे। सुबह करीब नौ बजे वैन कंधुआ मोहल्ले में खड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक वैन के अंदर गोली चलने की आवाज सुनाई पड़ी। फायर की आवाज सुन लोगों में हड़कंप मच गया।
इसके बाद वैन से चीखने की आवाज आनी शुरू हो गई। स्थानीय लोग भाग कर मौके पर पहुंचे तो देखा शैलेश के जांघ में गोली लगी थी और वह खून से लथपथ होकर कराह रहा था। घटना की जानकारी से पुलिस महकमे हड़कंप मच गया। आननफानन दीवान को इलाज के लिए स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस बारे में सीओ चायल श्यामकांत का कहना है कि दीवान ने लापरवाही पूर्वक सर्विस रिवाल्वर साफ की थी, जिस वजह से गोली चली। दीवान के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल गोली लगने से जख्मी होमगार्ड की हालत में सुधार है।