51 शक्तिपीठों में शामिल मां शीतला धाम कड़ा में पुरुषोत्तम मास के तीसरे शुक्रवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह तड़के से ही हजारों श्रद्धालु विभिन्न घाटों पर स्नान कर मां शीतला के दर्शन-पूजन के लिए मंदिर पहुंचने लगे। श्रद्धालु हाथों में नारियल, चुनरी, माला, फूल, प्रसाद और ध्वजा लेकर लंबी कतारों में खड़े रहे।
भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं हुई। घंटों इंतजार के बाद भक्तों ने मां शीतला के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में दिनभर धार्मिक माहौल बना रहा।
मां शीतला धाम में प्रयागराज, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, अमेठी, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, बांदा, चित्रकूट और फतेहपुर समेत प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं का मानना है कि पुरुषोत्तम मास में मां शीतला के दर्शन और पूजन से विशेष पुण्य लाभ की प्राप्ति होती है।