घने कोहरे के चलते ट्रेनों की लेटलतीफी थमने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार को स्थानीय रेलवे स्टेशन से सुबह कानपुर, प्रयागराज, दिल्ली सहित अन्य शहरों के लिए जाने वाले यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी असुविधाएं हुई।
संगम एक्सप्रेस सुबह डेढ़ घंटे, चौरीचौरा एक्सप्रेस पौन घंटे, सिक्किम महानंदा दो घंटे और इंटरसिटी एक घंटे की देरी से भरवारी रेलवे स्टेशन पहुंची। वहीं कानपुर की ओर सुबह जाने वाली ट्रेन सं. 64591 सूबेदारगंज-कानपुर सेंट्रल मेमो एक घंटे लेट रही। जबकि 15004 चौरीचौरा एक्सप्रेस सुबह नौ बजे की जगह 9.45 बजे पहुंची। 15483 सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस 9.55 बजे की जगह 12.08 बजे दो घंटे 13 मिनट की देर से पहुंची।
इसी तरह प्रयागराज, वाराणसी व बिहार सहित अन्य शहरों को जाने वाली 14164 संगम एक्सप्रेस सुबह 6.45 की जगह 8.18 बजे एक घंटे 33 मिनट की देरी से भरवारी पहुंची। 22442 चित्रकूट कर्वी इंटरसिटी एक्सप्रेस सुबह 9.10 बजे की जगह 10.20 बजे एक घंटे 10 मिनट लेट रही। 04151 मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनल साप्ताहिक स्पेशल दोपहर 3.03 बजे की जगह 3.48 बजे 45 मिनट की देरी से भरवारी पहुंची। इसके अलावा 15484 सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस ट्रेन रद थी। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने बताया कि सर्दियों में ट्रेनों के देरी से आने के चलते गंतव्य तक पहुंचने में देरी होती है।
ट्रेनों के लेट होने से स्टेशन पर यात्री कड़ाके की ठंड में प्लेटफॉर्म पर परेशान नजर आए। स्टेशन अधीक्षक डीएन यादव ने बताया कि कोहरे के चलते ट्रेनें लेट हो रही है। मौसम साफ होने पर ट्रेनें निर्धारित समय पर चलेंगी।